World Environment Day 2022 was Celebrated at UCOST Vigyan dham on 5th June, 2022 - Uttarakhand State Council for Science and Technology

World Environment Day 2022 was Celebrated at UCOST Vigyan dham on 5th June, 2022

आंचलिक विज्ञान केन्द्र यूकास्ट विज्ञान धाम ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आंचलिक विज्ञान केन्द्र देहरादून ने विजिटर्स के बीच कार्यक्रम आयोजित किए। उत्तरांचल प्रेस क्लब के परिवारों के बीच हुए कार्यक्रम में यूकास्ट महानिदेशक डा राजेन्द्र डोभाल ने इस वर्ष की थीम “लिविंग सस्टेनेबली विद नेचर” विषय पर अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का स्लोगन “ओनली वन अर्थ” इस बात का संदेश देता है कि पृथ्वी एक ही है और इसको रहने लायक बनाए रखना हमारे लिए प्राथमिक ही नहीं अवश्यंभावी भी है। इसका पर्यावरण संरक्षित रखना और उसके अनुरूप अपनी दिनचर्या को ढालना ही भावी पीढ़ी के लिए हमारा उत्तरदायित्व है। उन्होंने विकास के कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सर्वोपरि रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम जंगल में अपनी आयु पूर्ण कर चुके पेड़ों को वैज्ञानिक विधि से हटाकर नया वक्षारोपण अभियान लागू करें। उन्होंने आगे जोड़ा कि कार्बन को फिक्स कर पाने की दर इन बूढ़े पेड़ों की न्यूनतम रहती है, ऐसे में उनके स्थान पर नये पेड़ लगाकर हम उनसे आय में बढ़ोत्तरी तो करेंगे ही, पर्यावरण को भी सुरक्षित रख पाएंगे। पेड़ों को संरक्षित रखना तथा उनके विज्ञान सम्मत दोहन पर विचार करना आवश्यक है। अंत में उन्होंने परिषद के द्वारा राज्य में साइंस सेंटरों के विकास तथा आगामी साइंस सिटी की रुपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने से जोड़ा और कहा कि साइंस सेंटर इसके लिए एकमात्र संस्थान हैं। इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब पदाधिकारियों द्वारा उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डा डीपी उनियाल ने अपने संबोधन में परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की रुपरेखा रखी। उन्होंने हिमालय की पारिस्थितिकी के लिए वैज्ञानिक सोच और उसके अनुरूप जीवनशैली तथा विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रतिभागियों के बीच डा कैलाश नारायण भारद्वाज ने ग्लोबल वार्मिंग: कारण, प्रभाव तथा निवारण” विषय पर इंटरेक्टिव लेक्चर दिया। उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाने की बात कही। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे तथा पर्यावरण संरक्षण पर मीडिया के माध्यम से जन जागरुकता पर कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर यूकास्ट अधिकारियों डा आशुतोष मिश्रा, श्री जितेन्द्र कुमार व अमित पोखरियाल, भाजपा देहरादून मीडिया प्रभारी श्री राजीव उनियाल, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र अंथवाल, महासचिव श्री ओपी बैंजवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्री देवेन्द्र सती, देवेन्द्र सती, मनमोहन शर्मा, नवीन झलेडी तथा अन्य सदस्यों व उनके परिवार सहित 110 से अधिक लोग उपस्थित रहे। साथ ही थ्रीडी फिल्म के बाद जनरल विजिटर्स के साथ इस वर्ष की थीम “लिविंग सस्टेनेबली विद नेचर” तथा स्लोगन “ओनली वन अर्थ” पर इंटरेक्टिव डिस्कसन किया गया। आज आयोजित इन कार्यक्रमों में 250 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।